उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दिया।

VS CHAUHAN KI REPORT

उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। राष्ट्रपति ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। राज्यपाल के सचिव बीके संत ने इसकी पुष्टि की है। उत्तराखंड का अगला राज्यपाल कौन होगा, इसको लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

बेबी रानी मौर्य ने 26 अगस्त 2018 को उत्तराखंड की राज्यपाल का पद ग्रहण किया था। बीते 26 अगस्त को ही उन्होंने तीन साल का कार्यकाल पूरा किया था। उनके इस्तीफे को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि भाजपा यूपी विधानसभा चुनाव में उनका उपयोग कर सकती है।

गौरतलब है कि मौर्य का यूपी के आगरा क्षेत्र में अच्छा प्रभाव रहा है। वह आगरा की महापौर रह चुकी हैं। 2002 से 2005 तक राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य भी रह चुकी हैं। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि उन्हें विधानसभा चुनाव में बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है।

महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर दिया जोर
हाल ही में बेबी रानी मौर्य राज्यपाल पद पर तीन साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद मीडिया से रूबरू हुई थीं। उन्होंने प्रदेश में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के मुद्दों पर जोर दिया था। उनका कहना था कि प्रदेश की महिलाएं मेहनती और जुझारू हैं। महिलाओं को राजभवन से जो बेहतर सहयोग किया जा सकता है उसके लिए आगे भी ठोस प्रयास किए जाएंगे।

हिमाचल के राज्यपाल को मिल सकता है चार्ज
उत्तराखंड के नए राज्यपाल को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है। सियासी हलकों में यह चर्चा रही कि हिमाचल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आरेलकर को उत्तराखंड राज्य का अतिरिक्त प्रभार मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *