बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात तीन चोरों ने112 पर कॉल कर बचाने की गुहार लगाई।

Herdyes ballabh goswami for NEWS EXPRESS INDIA

बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात तीन चोरों को ग्रामीणों ने गन्ने के खेत में घेर लिया। ये चोर अपने साथियों के साथ गौसगंज गांव निवासी किसान की भैंसें चुरा ले गए। गांव के बाहर गन्ने के खेत में छिप गए। घटना का पता चलने पर सैकड़ों ग्रामीणों ने खेत के चारों तरफ से घेर लिया। खुद को घिरता देख एक चोर ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस से बचाने की गुहार लगाई।

पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने तीन चोरों को पकड़ लिया। बाकी चोर फरार हो गए। ग्रामीणों ने पकड़े गए चोरों की जमकर पिटाई लगाई। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह चोरों को ग्रामीणों से बचाया और थाने ले गई। तीनों चोर दूसरे जिले के बताए गए हैं। उनसे पूछताछ कर रही है।

जानकारी के मुताबिक भमोरा थाना क्षेत्र के गांव गौसगंज में शुक्रवार रात रामसेवक पाल की आठ भैंसें चोरी हो गईं। सभी भैंसें पशुशाला में बंधी थीं। रात करीब एक बजे रामसेवक की नींद खुली तो पशुशाला में भैंसें न देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने ग्रामीणों को जगाया। लाठी-डंडे लेकर तलाश शुरू की। गांव के समीप गन्ने के खेत से आवाज आ रही थी। इस पर ग्रामीणों ने खेत को चारों तरफ से घेराबंदी कर ली।

चोरी की दो भैंसें बरामद 
चोरों ने खुद को घिरता देख डायल 112 पर कॉल किया। जान बचाने की गुहार लगाई। वहीं किसी ने भमोरा थाना पुलिस को सूचना दी। भमोरा पुलिस के पहुंचने से पहले अलीगंज थाना पुलिस पहुंच गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने दो चोरों को पकड़ लिया। उनकी पिटाई की। बाद में मौके पर पहुंची भमोरा पुलिस दोनों चोर को थाने ले गई। एक चोर और पकड़ा गया। बताया गया कि ये चोर खेत में भैसों की रखवाली कर रहे थे। इनके साथी फरार हो गए। खेत में दो भैंसे बरामद हुईं।

कंटीले तार में फंसकर पुलिसकर्मी जख्मी 
ग्रामीणों से चोरों को बचाने के दौरान पुलिसकर्मी भी पिट गए। कुछ पुलिसकर्मी खेतों में लगे कंटीले तार में फंसकर जख्मी हो गए। ग्रामीणों में पुलिस के खिलाफ आक्रोश था। ग्रामीणों का आरोप था कि अलीगंज पुलिस के संरक्षण में पशु चोर गिरोह चल रहा था। ग्रामीणों ने नारेबाजी की। भमोरा पुलिस के देरी से आने पर नाराजगी जताई। वहीं चोरी की घटना से गांव में रोष है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *