कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने के अपने बयान पर कायम

उत्तराखंड में 2022 के चुनाव के मद्देनजर  आजकल हरीश रावत  उत्तराखंड के  कई क्षेत्रों में दौरा कर रहे हैं और अपने कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए  उनसे मुलाकात कर रहे हैं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व उत्तराखंड कांग्रेस सरकार में रहे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने के अपने बयान पर कायम हैं। उन्होंने कहा कि वह विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे, लेकिन पार्टी को पूरी सक्रियता के साथ चुनाव लड़वाएंगे। बागेश्वर में पत्रकारों से बातचीत में रावत ने कहा कि उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है, उस पर वह कायम हैं।

हालांकि उन्होंने ये जरूर कहा कि भले वह चुनाव नहीं लड़ेंगे, लेकिन पूरी सक्रियता और दमखम के साथ चुनाव लड़वाएंगे। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से उनके नेतृत्व के लिए बनाए गए गीत को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि गीत बनाना, नेतृत्व सौंपने की बात करना कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भावना है, जिसका वह सम्मान करते हैं। किसी को भी गलतफहमी में रहने की जरूरत नहीं है।

कांग्रेस मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी और प्रदेश में सरकार बनाएगी। भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा से प्रदेश की जनता का मोहभंग हो गया है। केंद्र और राज्य सरकार विकास करने और महंगाई रोकने में असफल रही हैं। डबल इंजन की सरकार भ्रष्टाचार में कीर्तिमान बना रही है। कानूनों को तोड़ने, मरोड़ने का काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अब वह गढ़वाल के हिमालयी क्षेत्रों का दौरा करेंगे। उसके बाद अल्मोड़ा, पौड़ी, टिहरी का दौरा कर कांग्रेस की बात लोगों तक पहुंचाएंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *