उत्तराखंड में ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फबारी हुई है। मौसम के करवट बदलने के बाद सर्द हवाओं से समूचे प्रदेश में ठिठुरन.

VSCHAUHAN for NEWS EXPRESS INDIA

उत्तराखंड में मौसम के करवट बदलने के बाद शनिवार को चौथे दिन भी वर्षा-बर्फबारी का क्रम जारी रहा। चोटियों पर हल्के से मध्यम हिमपात हुआ। जबकि, निचले इलाकों में हल्की वर्षा दर्ज की गई। सर्द हवाओं से समूचे प्रदेश में ठिठुरन बढ़ गई।

प्रदेश में बीते तीन दिनों से चोटियों पर रुक-रुककर हिमपात हो रहा है। चारधाम समेत हेमकुंड साहिब, औली, हर्षिल व अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पहाड़ों ने बर्फ की चादर ओढ़ ली है।

देहरादून में शुक्रवार देर रात से शनिवार तड़के तक बारिश का दौर जारी रहा। वहीं धनोल्‍टी व आसपास के इलाकों में सीजन का पहला हिमपात भी हुआ। इससे सैलानियों के चेहरे खिल गए।

मौसम विभाग के अनुसार आज से अगले कुछ दिन शुष्क मौसम के बीच मैदानों में घना कोहरा और पहाड़ों में पाला दुश्वारियां बढ़ा सकता है। इस दौरान शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

चकराता के ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फबारी हुई है। जिसे देखने के लिए भारी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। वहीं शुक्रवार आधी रात के बाद करीब एक बजे मसूरी में भी बर्फ की फुहारें पड़ीं।
चकराता में बृहस्पतिवार देर रात क्षेत्र में हुई बारिश के बाद बर्फबारी शुरू हो गई। चकराता के ऊंचाई वाले क्षेत्र लोखंडी, लोहारी, जाड़ी, देवबन, मुंडली, कनासर, खडंबा आदि क्षेत्रों में रास्ते, पहाड़, घर-मकान बर्फ की चादर से ढक गए। बताते चलें कि बृहस्पतिवार की देर शाम तक क्षेत्र में खिली चटक धूप के कारण क्षेत्रवासी ठंड से राहत महसूस कर रहे थे। लेकिन रात ग्यारह बजे के बाद आसमान में बादल छाने व बारिश शुरू हो जाने से एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदल गया।

नैनीताल की ऊंची चोटियों पर भी बर्फबारी हुई।नैनीताल में लंबे इंतजार के बाद हुआ हिमपात.लंबे इंतजार के बाद सरोवर नगरी की ऊंची चोटियों पर शुक्रवार को मौसम का पहला हिमपात हुआ। नगर क्षेत्र में हिमकणों के साथ ही ओले भी पड़े। मौसम के करवट लेते ही नगर में ठंड बढ़ गई। शुक्रवार सुबह चायना पीक, टांकी बैंड व किलबरी रोड पर हिमपात शुरू हुआ।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *