अभिनेत्री अमृता सिंह के मामा की देहरादून स्थित 20 बीघा जमीन: भूमाफिया द्वारा फर्जी वसीयत बनाकर संपत्ति बेचने का प्रयास: आरोपी गिरफ्तार. पढ़ें पूरी खबर.

VS CHAUHAN for NEWS EXPRESS INDIA

देहरादून में अभिनेत्री अमृता सिंह के मामा की फर्जी वसीयत बनाकर संपत्ति बेचने का प्रयास करने के आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वर्ष 2019 में अभिनेत्री के मामा मधुसूदन बिंबट की मृत्यु के बाद से ही उनकी संपत्ति पर भूमाफिया नजरें गड़ाए हैं। इस संपत्ति को लेकर तीन साल पहले भी जालसाजी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था।

संपत्ति हड़पने का प्रयास करने में एक मुकदमा दर्ज

पुलिस के अनुसार, क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में मधुसूदन बिंबट की 20 बीघा भूमि है। 19 जनवरी 2019 को मधुसूदन बिंबट की मौत हो गई थी। तब से इस संपत्ति पर भू-माफिया की नजर है। सितंबर 2019 में भी संपत्ति हड़पने का प्रयास करने में एक मुकदमा दर्ज किया गया था।

अमृता सिंह की मौसी ताहिरा बिंबट ने दी थी पुलिस को शिकायत

बीते 17 मार्च 2022 को अमृता सिंह की मौसी ताहिरा बिंबट ने पुलिस को शिकायत दी थी। जिसमें उन्होंने बताया था कि उनके भाई मधुसूदन बिंबट की संपत्ति की राजेंद्र सिंह नाम के व्यक्ति ने फर्जी वसीयत  बना ली थी.

आरोपित राजेंद्र सिंह कारगी चौक से गिरफ्तार

क्लेमेनटाउन थाना पुलिस ने मामले में जालसाजी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। थानाध्यक्ष दीपक कठैत ने बताया कि गुरुवार को आरोपित राजेंद्र सिंह को कारगी चौक से गिरफ्तार कर लिया गया। राजेंद्र सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश सहारनपुर के मोहिद्दीनपुर का रहने वाला है। आरोपित को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

अमृता सिंह ने जताया था संपत्ति पर हक

मधुसूदन बिंबट की मृत्यु के बाद से ही उनकी संपत्ति पर मालिकाना हक को लेकर विवाद शुरू हुआ। अमृता सिंह और उनकी मौसी ताहिरा बिंबट ने संपत्ति पर एक बोर्ड भी लगा दिया था। अमृता सिंह तब देहरादून भी आई थीं। इस दौरान भी कई अन्य लोग संपत्ति पर अपना हक जताने पहुंच गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *