भ्रष्टाचार की शिकायतों को दर्ज करने के लिए मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी ने शुक्रवार को आम जनता के लिए 1064 वेब एप को लांच किया।

VSCHAUHAN for NEWS EXPRESS INDIA

 उत्‍तराखंड को भ्रष्‍टाचार मुक्‍त करने की दिशा में मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी ने बड़ी पहल की शुरुआत की है। भ्रष्टाचार की शिकायतों को दर्ज करने के लिए मुख्‍यमंत्री धामी ने शुक्रवार को आम जनता के लिए 1064 वेब एप को लांच किया।

भ्रष्‍टाचारियों पर सख्‍त कार्रवाई की जाए

मुख्यमंत्री धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में विजिलेंस विभाग द्वारा द्वारा निर्मित एप भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखंंड- 1064 का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस एप का क्रियान्वयन मजबूती से किया जाय। मुख्यमंत्री ने कहा कि एप पर जो भी शिकायते आती हैं, उनका यथाशीघ्र निस्तारण किया जाय। यदि किसी शिकायतकर्ता की शिकायत विजिलेंस से संबंधित नहीं है, तो उसे सीएम हेल्पलाईन एवं संबंधित विभाग को भेजा जाय।

यह भी सुनिश्चित किया जाय कि शिकायतकर्ता द्वारा जो शिकायत की गई, उसके स्टेटस अपडेट की पूरी जानकारी उन्हें मिले। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सतर्कता विभाग के दो इन्सपेक्टर को विवेचना करने के लिए टेबलेट भी प्रदान किये। सतर्कता विभाग के अन्य कार्मिकों को भी विवेचना के लिए टेबलेट दिये जायेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सरलीकरण, समाधान, निस्तारण एवं संतुष्टि के सिद्धान्त पर कार्य किये जाय। जन समस्याओं का समाधान सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने निदेशक सतर्कता को निर्देश दिये कि एप का व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार किया जाय। आम जन को इस एप की पूरी जानकारी हो।

निदेशक सतर्कता अमित सिन्हा ने जानकारी दी कि 1064 नम्बर पर एप के माध्यम से व फोन से कोई भी व्यक्ति शिकायत कर सकता है। यह नम्बर भारत सरकार से प्राप्त है। एप के माध्यम से प्रत्येक शिकायत रजिस्टर होगी, जिसका पूरा डाटा सुरक्षित रखा जायेगा। शिकायतकर्ता की पूरी गोपनीयता रखी जायेगी। यह एप हिन्दी एवं अंग्रेजी दानों भाषाओं में है।

इस अवसर पर मुख्य सचिव डॉ. एसएससंधु, सचिव कार्मिक एवं सतर्कता अरविन्द सिंह ह्यांकी, एसपी श्रीमती रेनू लोहानी, सीओ सुरेन्द्र सिंह सामन्त, अनुषा बडोला, निरीक्षक मारूत शाह, विभा वर्मा आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *