डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन ने ताजमहल और आगरा किले का भ्रमण किया। उन्होंने उस स्थान को भी देखा, जहां बादशाह शाहजहां को उनके बेटे ने कैद करके रखा था।

VS chauhan KI REPORT

डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन ने पति बो टेनबर्ग के साथ रविवार को ताजमहल और आगरा किले का भ्रमण किया। उन्होंने सबसे पहले ताजमहल का दीदार किया। इसके बाद आगरा किले में पहुंचीं। आगरा किले में पहुंचने पर उन्होंने उस स्थान को देखने की इच्छा जाहिर की, जहां बादशाह शाहजहां को उनके बेटे ने कैद करके रखा था। इसके बाद पर्यटकों के लिए बंद पड़े मुसम्मन बुर्ज को खुलवाया गया।

गाइड नितिन सिंह ने डेनमार्क की पीएम को ताज विजिट के दौरान शाहजहां को कैद किए जाने की जानकारी दी थी। इस पर वह भावुक हो गई थीं। इसके बाद किले में पहुंचने पर उन्होंने उसी स्थान को देखने की ख्वाहिश की, जहां शाहजहां को कैद रखा गया। इसके बाद एएसआई अधिकारियों ने बंद पड़े मुसम्मन बुर्ज और शीश महल को खुलवाया। गाइड ने डेनमार्क की पीएम को बताया कि मुसम्मन बुर्ज से शाहजहां अपनी कैद के दौरान ताज को निहारा करते थे। आगरा किले में उन्होंने जहांगीरी महल, अंगूरी बाग, शीशमहल और दीवान-ए-खास का भी भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने आगरा की विजिट को यादगार बताया।

ताजमहल के भ्रमण के दौरान उन्होंने पार्श्व से यमुना को भी निहारा था। तभी उन्हें महताब बाग की ओर काले ताजमहल की किवंदती के बारे में बताया गया। उन्होंने किले से ताज कॉरीडोर को देखा। गाइड नितिन सिंह ने कहा कि डेनमार्क की प्रधानमंत्री के ताज दौरे से विदेशी पर्यटकों की आमद बढ़ेगी, क्योंकि करीब डेढ़ साल से विदेशी सैलानियों की आवाजाही थमी हुई है।

डेनमार्क की पीएम मेटे फ्रेडरिक्सन पति के साथ सुबह 9:30 बजे ताजमहल पहुंचीं। फोरकोर्ट में उनका अधिकारियों ने स्वागत किया। इसके बाद वीडियो प्लेटफॉर्म पर फोटो सेशन कराया। करीब एक घंटे तक उन्होंने ताजमहल में भ्रमण किया।

फ्रेडरिक्सन ने ताज की पच्चीकारी और वास्तुकला को अद्भुत कहा तो कई बार उन्होंने ताज की खूबसूरती पर वेरी नाइस कहकर टिप्पणी की। उन्होंने विजिटर बुक में लिखा, यह जगह बेहद खूबसूरत है और सफेद संगमरमर का जादू है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *