बुलंदशहर जिला पुलिस ने डिबाई इलाके से डकैती की घटना में वांछित चल रहे 25000 के इनामी बदमाश को गिरफ्तार लिया।

मुकेश कुमार की रिपोर्ट

उत्तर प्रदेश की बुलंदशहर जिला पुलिस ने डिबाई इलाके से डकैती की घटना में वांछित चल रहे 25000 के इनामी बदमाश को गिरफ्तार लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने आज यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डिबाई थाना प्रभारी सुभाष सिंह ने सूचना पर मंगलवार रात चेकिंग के दौरान डकैती की घटना में वांछित इनामी बदमाश कल्लन उर्फ मनोज को अलीगढ़ रोड स्थित आलू फार्म हाउस के पास से गिरफ्तार कर लिया।  यह बदमाश कहीं जाने की फिराक में था। उन्होंनें बताया कि बघराई कला खुर्जा देहात निवासी इस बदमाश के पास से एक तमंचा ,कारतूस बरामद किए।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार मनोज ने 25 दिसम्बर को अपने छह साथियों के साथ बिजनौर निवासी बोलेरो सवार नीरज शर्मा और उसके भाई भानु शर्मा  को भीमपुर दोराहे पर रोककर गाड़ी समेत अपहरण कर लिया था। बदमाशों ने रास्ते में उससे 25000 लूट लिए और उसे धनोरा के जंगल में छोड़कर बोलेरो लेकर फरार हो गए थे। संतोष कुमार ने बताया कि चार दिन बाद बाबूगढ़ पुलिस ने अपहरण लूट के आरोप में कल्लन के छह साथियों को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ पर यह जानकारी मिली की इस घटना का मुख्य अभियुक्त कल्लन उर्फ मनोज था। इसकी  गिरफ्तारी पर 25000 का इनाम घोषित किया गया था। कल्लन को आज जेल भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *