उत्तराखंड में तीरथ सिंह रावत की मुख्यमंत्री के पद पर ताजपोशी के बाद शुक्रवार को उनका पूरा मंत्रिमंडल अस्तित्व में आ गया।

vs चौहान की रिपोर्ट

देहरादून उत्तराखंड में तीरथ सिंह रावत की मुख्यमंत्री के पद पर ताजपोशी के बाद शुक्रवार को उनका पूरा मंत्रिमंडल अस्तित्व में आ गया। राजभवन में आयोजित समारोह में 11 मंत्रियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। मंत्रिमंडल में चार नए चेहरे शामिल किए गए हैं। त्रिवेंद्र मंत्रिमंडल के पूर्व कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक को छोड़कर बाकी सभी मंत्रियों को तीरथ की टीम में जगह मिली है। मंत्रिमंडल के गठन में राजनीतिक अनुभव के अलावा क्षेत्रीय व जातीय संतुलन बनाने की कोशिश की गई है।

नए मंत्रिमंडल में गढ़वाल मंडल से चार कैबिनेट और दो राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने शपथ ली है।  कैबिनेट में चार मंत्रियों के साथ पौड़ी गढ़वाल का दबदबा दिखा। कुमाऊं मंडल से भी चार कैबिनेट मंत्री और एक राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है।

शुक्रवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे से शपथग्रहण समारोह शुरू हुआ। मुख्य सचिव ओम प्रकाश ने राज्यपाल बेबीरानी मौर्य से कार्यक्रम शुरू करने की अनुमति मांगी। उन्होंने सबसे पहले कैबिनेट में शामिल होने वाले सदस्यों के नाम लिए। राज्यपाल ने बारी-बारी से सभी कैबिनेट व राज्यमंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इन चार नए चेहरों को मिली जगह
तीरथ मंत्रिमडंल में यूपी और उत्तराखंड में चार बार मंत्री रह चुके पूर्व कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत, खंडूड़ी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे डीडीहाट के विधायक बिशन सिंह चुफाल, तीन बार के विधायक गणेश जोशी, हरिद्वार ग्रामीण सीट से कांग्रेस दिग्गज हरीश रावत को चुनाव हराने वाले स्वामी यतीश्वरानंद के नाम शामिल हैं।

कैबिनेट मंत्री          विधानसभा सीट     जिला
सतपाल महाराज     चौबट्टाखाल          पौड़ी गढ़वाल
बंशीधर भगत          कालाढुंगी            नैनीताल
डॉ.हरक सिंह रावत  कोटद्वार              पौड़ी गढ़वाल
बिशन सिंह चुफाल   डीडीहाट             पिथौरागढ़
यशपाल आर्य           बाजपुर              ऊधमसिंह नगर
अरविंद पांडेय         गदरपुर               ऊधमसिंह नगर
सुबोध उनियाल        नरेंद्रनगर             टिहरी गढ़वाल
गणेश जोशी            मसूरी                  देहरादून

ये बने राज्यमंत्री
डॉ.धन सिंह रावत   श्रीनगर गढ़वाल    पौड़ी गढ़वाल
स्वामी यतीश्वरानंद    हरिद्वार ग्रामीण     हरिद्वार
रेखा आर्य               सोमेश्वर          अल्मोड़ा

शपथग्रहण समारोह में सबसे पहले वरिष्ठ नेता सतपाल महाराज ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। उनके बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा देकर मंत्रिमंडल में शामिल हुए बंशीधर भगत, तीसरे स्थान पर डॉ.हरक सिंह रावत, चौथे पर बिशन सिंह चुफाल, पांचवें पर यशपाल आर्य, छठे पर अरविंद पांडेय, सातवें पर सुबोध उनियाल और आठवें स्थान पर गणेश जोशी ने शपथ ली।

पांडेय ने संस्कृत में ली शपथ
कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडेय ने संस्कृत में पद और गोपनीयता की शपथ ली। कार्यकर्ताओं ने तालियां बजाकर उनका समर्थन किया।

रेखा की वेशभूषा और महाराज की पगड़ी
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रेखा आर्य ने पारंपरिक कुमाऊंनी वेशभूषा में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। समारोह में महाराज की नारंगी व पीले रंग की पगड़ी आकर्षण का केंद्र रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *