उत्तराखंड की राजधानी सहित रविवार को दोपहर बाद राज्य के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई।

Satish Kumar for NEWS EXPRESS INDIA

उत्तराखंड की राजधानी सहित रविवार को दोपहर बाद राज्य के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। वहीं मसूरी में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। जिससे तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गई है। यमुनोत्रीधाम में बर्फबारी तो निचले इलाकों व यमुनाघाटी में तेज गर्जना के बारिश हुई।

राजधानी दून व आसपास के इलाकों में रविवार को न सिर्फ हल्की बूंदाबांदी हुई, वरन देर शाम जबरदस्त तेज ठंडी हवाएं चलीं। जिसके चलते लोगों को जबरदस्त ठंड का सामना करना पड़ा। मौसम के बदले मिजाज का असर यह रहा कि दिन में भी तापमान धड़ाम हो गया और ठंड से बेहाल लोग घरों में दुबके रहे।

मसूरी में एक बार फिर मौसम ने करवट ली। रविवार को शहर में सुबह से ही घने बादल और कोहरा छा गया। दोपहर में शहर में बारिश और हल्की ओलावृष्टि हुई, जिससे यहां ठंड बढ़ गई है। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। वहीं कड़ाके की ठंड के बावजूद पर्यटक मालरोड सहित अन्य जगह घूमते नजर आ रहे हैं।

ऋषिकेश मेें हल्की बूंदाबांदी से मौसम सर्द हो गया है। यहां रविवार सुबह तेज धूप के बाद अचानक मौसम ने करवट बदलनी शुरू कर दी। इस बीच दोपहर एक बजे के बाद हल्की बूंदाबांदी भी शुरू हो गई, जिससे ठंड बढ़ गई। बदलते मौसम के कारण लोगों ने घरों में कैद रहकर ही अपना अवकाश बिताया। इस दौरान केवल कामकाजी लोग ही घरों से बाहर जाते हुए दिखाई दिए। गंगा घाटों और तटों पर फक्कड़ बाबा अलाव के सहारे ठंड को दूर भगाते रहे। शाम होते ही तापमान में गिरावट आ गई। इस दौरान अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहा।

रविवार को दोपहर बाद कर्णप्रयाग सहित आसपास के गांवों में बारिश होने से ठंड बढ़ गई है। बारिश आने के बाद बाजारों में लोगों की आवाजाही काफी कम रही। बेनीताल, पुडियाणी, चौरासैंण, नौटी, नंदासैंण सहित ऊंचाई वाले गांवों में लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। वहीं, पिंडरघाटी में बादल छाए रहे। पिंडरघाटी में शीतलहर चल रही है। सोमवार को मौसम विभाग ने बारिश की चेतावनी जारी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *