पहाड़ी क्षेत्रों की चुनौतियों का सामना करने के लिए उत्तराखंड और हिमाचल के नेताओं की आपस में चर्चा.

VSCHAUHAN for NEWS EXPRESS INDIA

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के मध्य अधोसंरचना और कनैक्टिविटी को सुदृढ़ करने के लिए कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बुधवार को देहरादून में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर विभिन्न मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने पुष्कर सिंह धामी को पांवटा साहिब के यमुना पुल की मुरम्मत और पुनर्वास के दौरान बेयरिंग को बदलने के लिए यातायात परिवर्तित करने का सुझाव दिया।

इस दौरान विक्रमादित्य सिंह ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पुष्कर सिंह धामी से दूरभाष के माध्यम से बातचीत भी करवाई। दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने हाल ही में आई आपदा और पहाड़ी क्षेत्रों की चुनौतियों पर चर्चा की। दोनों मुख्यमंत्रियों ने सहमति जताते हुए कहा कि केंद्र सरकार के समक्ष इन चुनौतियों को रखा जाएगा ताकि केंद्र आपदा प्रभावित क्षेत्रों की ओर विशेष ध्यान केंद्रित कर सके।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड को जोड़ने के लिए यमुना पुल की बेहद महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन यातायात की आवाजाही के दौरान पुल पर भारी कम्पन की स्थिति बनी रहती है। केंद्रीय सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के आकलन और प्राप्त हुए सुझावों के आधार पर 22 दिसम्बर, 2020 को पुल की मुरम्मत की स्वीकृति प्रदान की गई। हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण विभाग ने 18 सितम्बर, 2021 को 1.44 करोड़ रुपए के बजट के साथ पुल की मुरम्मत का कार्य अवार्ड किया।

मुरम्मत कार्य को पूरा करने में विलंब हुआ क्योंकि बेयरिंग को बदलने के लिए पुल पर दो माह के लिए यातायात आवाजाही को बंद किया जाना बेहद जरूरी था। इसके बाद वह उत्तराखंड के पूर्व सीएम एवं कांग्रेस के दिग्गज नेता हरीश रावत से भी मिले। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी मौजूद रहीं।

नैटवाड़ और पुजारली सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने का किया आग्रह
उन्होंने पुष्कर सिंह धामी से नैटवाड़ और पुजारली सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने का भी आग्रह किया।उन्होंने कहा कि दूरदराज के क्षेत्रों को मानसून और सर्दियों के दौरान जोड़ने और संपर्क रखने के लिए यह सड़क बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा की सर्दियों और खराब मौसम में डोडरा क्वार में कनैक्टिविटी न होने से यह क्षेत्र देश और दुनिया से पूरी तरह कट जाता है। उन्होंने इस मार्ग पर निर्माण की लंबित प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया ताकि सर्दियों में निर्बाध सड़क कनैक्टिविटी बनी रहे। उन्होंने दोनों राज्यों की सीमा साझा करने वाले और सामरिक महत्व के प्रदेश में निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्गों के बारे में भी पुष्कर सिंह धामी से बातचीत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *