मसूरी-देहरादून राज्य राजमार्ग की मुश्किलें गलोगी धार क्षेत्र में लिंक रोड ध्वस्त होने से मसूरी मार्ग का पुश्ता भी खिसका.

VSCHAUHAN for NEWS EXPRESS INDIA

यातायात के लिहाज से बेहद अहम मसूरी-देहरादून राज्य राजमार्ग की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। फिलहाल इस मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है और लोनिवि प्रांतीय खंड ने सड़क को सपोर्ट देने के लिए वायरक्रेट पुश्ते का निर्माण शुरू कर दिया है। इसके बाद मार्ग की सुरक्षा के लिए वृहद कार्य योजना तैयार की जाएगी।

लोनिवि प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता जितेंद्र त्रिपाठी के मुताबिक गलोगी धार के पास मसूरी रोड से एक कच्चा मार्ग गलोगी पावर हाउस के लिए जाता है। यह मार्ग पूरी तरह ध्वस्त हो गया है। कच्चे मार्ग का बड़ा पुश्ता राजमार्ग के पुश्ते से जुड़ा हुआ था। इस भाग के ध्वस्त हो जाने के चलते मसूरी राज्य राजमार्ग का पुश्ता भी अपनी जगह से खिसक गया.

भूस्खलन का यह दायरा बढ़ सकता है। लिहाजा, लोनिवि अधिकारियों ने मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के साथ ही पुश्ते का पुनर्निर्माण शुरू कर दिया है। खंड के सहायक अभियंता केके उनियाल के अनुसार तीन दिन के भीतर वायरक्रेट पुश्ते का निर्माण कर भारी वाहनों का संचालन भी शुरू करा दिया जाएगा। फिलहाल पुश्ते का निर्माण 12 से 15 मीटर की लंबाई और 14 से 15 मीटर की ऊंचाई में किया जा रहा है। इसके बाद मार्ग की सुरक्षा के लिए वृहद कार्य योजना तैयार की जाएगी।

लोनिवि प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता जितेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि वर्षाकाल के बाद कंसल्टेंट नियुक्त कर मार्ग के निचले भाग का सर्वे किया जाएगा। क्योंकि, इस भाग में मिट्टी ही अधिक निकल रही है। जिससे पता चलता है कि इस भाग पर हार्ड रॉक का अभाव हो सकता है। इसी हिसाब से उपचार की तकनीक पर आगे बढ़ा जाएगा। विस्तृत रिपोर्ट तैयार हो जाने के बाद स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा।

वर्ष 2021 में मसूरी रोड पर गलोगी धार का वर्षों पुराना भूस्खलन जोन खासा एक्टिव (सक्रिय) हो गया था। जिसके चलते इस भाग पर मसूरी रोड बुरी तरह ध्वस्त हो गई थी। सितंबर 2021 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निरीक्षण के क्रम में इसके उपचार की योजना तैयार की गई थी। पहले उपचार की डीपीआर 29 करोड़ रुपए, फिर 24 करोड़ और अंत में 21.75 करोड़ रुपए में तैयार की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *